राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ शुभारम्भ, यातायात के नियमों का करें पालन-परिवहन अधिकारी
भरतपुर, (कोश्लेन्द्र दत्तात्रेय)) सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारम्भ गुरूवार को प्रादेशिक परिवहन अधिकारी इन्दू मीणा द्वारा परिवहन कार्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी का फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन की जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। नियमों का पालन, संयमित गति एवं सतर्कता से ही सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा गतिविधियों तथा राज्य एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा वाहन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन रथ जिले के प्रत्येक ग्राम स्तर तक पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करेगा।
उन्होने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आमजन को जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें साइकिल रैली, दुपहिया वाहन रैली, पैदल रैली, ईवी रैली, आमजन के साथ सड़क सुरक्षा पर संवाद, तथा सड़क सुरक्षा संबंधी ब्रोशर एवं प्रचार सामग्री का वितरण शामिल है। इसके साथ ही जिले के स्कूलों एवं कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम, व्याख्यान एवं गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभाग द्वारा गैर मोटर चालित वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप अथवा स्थायी रिफ्लेक्टर लगाए जाने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। कार्यक्रम में परिवहन निरीक्षक देवेंद्र सुण्डा, सहायक प्रोग्रामर मनीष शर्मा, बहादुर सिंह, गौरव गर्ग, लोकेश भातरा, पंकज शर्मा, महक सिंह, विवेक त्यागी, दरब सिंह, दलीप सिंह सहित अन्य कार्मिक एवं आमजन उपस्थित रहे। परिवहन कार्यालय में लगाई गई सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी आमजन तथा स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों के अवलोकन हेतु पूरे माह खुली रहेगी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को रोड सेफ्टी क्लबों, स्कूलों व कॉलेजों में सड़क सुरक्षा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के व्यावहारिक गुर सिखाए जाएंगे।

