रक्तदान से दी शहीदों को श्रद्धांजलि: बाबा अजीत सिंह सेवा समिति की अनूठी पहल,विधायक सुखवंत सिंह ने किया शिविर का आगाज़
गोविन्दगढ़, (अलवर) बाबा अजीत सिंह सेवा समिति गोविंदगढ़ के तत्वाधान में आज सेवा और समर्पण की एक अनूठी मिसाल पेश की गई। अवसर था 'हिन्द की चादर' श्री गुरु तेग बहादुर जी, भाई मती दास जी, भाई दयाल दास जी, भाई सती दास जी, माता गुजरी कौर और चारों साहिबजादों की महान शहादत को नमन करने का साथ ही बाबा दीप सिंह जी के जन्मदिवस को समर्पित एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
विधायक सुखवंत सिंह ने किया शुभारंभ
रामगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित इस शिविर का विधिवत शुभारंभ रामगढ़ विधायक श्री सुखवंत सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और महापुरुषों की स्मृति में किया गया यह कार्य समाज को नई दिशा देता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गोविंदगढ़ थाना अधिकारी धर्म सिंह भी उपस्थित रहे। जिन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
100 यूनिट रक्त का हुआ संग्रह
अलवर ब्लड बैंक के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में युवाओं और स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शाम तक कुल 100 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। जो जरूरतमंदों की जान बचाने में काम आएगा।
इनका रहा विशेष सहयोग
शिविर की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में ज्ञानी राम सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रधान गुरसेवक सिंह, रोशन लाल शर्मा, अशोक कुमार गुगनानी, रांझा सिंह, पूर्व सरपंच गुरनाम सिंह, कस्तूरी लाल अरोड़ा, मुकेश बजाज और विशाल अरोड़ा सहित समिति के अनेक सेवादारों ने अपनी सक्रिय सेवाएं प्रदान कीं। समिति के पदाधिकारियों ने अंत में सभी रक्तदाताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।


