4 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार: शादी करवाने का झांसा देकर बनाया था शिकार
डीग जिले की जनूथर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 4 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोर्ट से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर दर्ज मुकदमे के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार, परिवादी सूरज (58) पुत्र करनसिंह, निवासी बडेसरा, थाना जनूथर ने न्यायालय में एक इस्तगासा प्रस्तुत किया था। परिवादी ने बताया कि अगस्त 2025 में आरोपी कल्लू पुत्र मूलचंद, निवासी नाहरौली, उसके पास आया और उसके 2 बेटों पृथ्वीराज व अनूपसिंह की शादी अपनी बहन की दो बेटियों से कराने का झांसा दिया।
आरोपी ने दावा किया कि दोनों युवतियां सरकारी नौकरी में हैं, जिनमें से एक सेकंड ग्रेड शिक्षिका और दूसरी नर्स है। चूंकि परिवादी और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे, इसलिए परिवादी उसकी बातों में आ गया।
1 सितंबर 2025 को आरोपी कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ परिवादी के घर आया और दोनों बेटों की सगाई कर दी। इसके बाद, आरोपी ने शादी के खर्च का हवाला देते हुए समय-समय पर परिवादी से लगभग 4 लाख रुपए ले लिए।
25 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने शादी की तारीख 18 नवंबर 2025 तय बताई और पीली चिट्ठी दी। इस दौरान उसने घोड़ी, बाजा, हलवाई आदि खर्चों के नाम पर 10 हजार रुपये और लिए। बाद में संदेह होने पर परिवादी ने बताए गए पते पर जाकर जांच की, जहां पता चला कि बताए गए नाम और गांव में ऐसी कोई लड़कियां मौजूद नहीं हैं।
जब परिवादी ने आरोपी से पूछताछ की, तो आरोपी ने 10 नवंबर 2025 को स्वीकार किया कि उसने धोखे से पैसे हड़प लिए हैं। इसके बाद थाना जनूथर में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल बलराम सिंह ने की। अनुसंधान के बाद, पुलिस ने आरोपी कल्लू (50) पुत्र मूलचंद निवासी नाहरौली, थाना जनूथर, जिला डीग को गिरफ्तार कर लिया है