आंगनवाडी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने निदेशक से की मुलाकात; समस्याओं की जानकारी देकर मानदेय बढ़ाने की मांग
भरतपुर (विष्णु मित्तल) नारी शक्ति आंगनवाडी कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधि मण्डल महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक वासुदेव मालावत से मुलाकात कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं की जानकारी देते हुए मानदेय में वृद्दि करने की मांग की !
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी यादव ने निदेशक को अवगत कराया कि कुम्हेर परियोजना की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का लंबित मानदेय का बजट शीघ्र दिया जावे, संघ ने मांग रखी कि मानदेय भुगतान को समयबद्ध और नियमित बनाया जाए। जिस पर निदेशक ने विश्वास दिलाया कि आंगनवाडी कार्यकर्ताओं की समस्या का शीघ्र निराकरण किया जायेगा इसके साथ ही, बताया गया कि एसआईआर में जिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं ली गई थीं, परंतु उन्हें इसके अनुरूप कोई प्रोत्साहन या पारितोषिक राशि शीघ्र प्रदान की जायेगी । संघ ने मांग की कि इस अतिरिक्त कार्य हेतु कार्मिकों को बोनस अथवा विशेष प्रोत्साहन राशि अवश्य दी जाए।
ज्ञापन के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्मिकों के मानदेय में वृद्धि की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से केवल उसी विभाग से संबंधित कार्य लिया जाए, जिससे उन्हें मानदेय प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अतिरिक्त कार्यभार के कारण महिला एवं बाल विकास विभाग की मूल सेवाएं प्रभावित होती हैं।
प्रतिनिधियों ने महिला पर्यवेक्षक (सुपरवाइज़र) भर्ती शीघ्र निकालने तथा लंबे समय से कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अनुभव के आधार पर सुपरवाइज़र पद पर समायोजित करने की भी मांग उठाई। आगामी बजट को ध्यान में रखते हुए संघ ने कार्मिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा हेतु पेंशन के रूप में पाँच लाख रुपये के पैकेज की व्यवस्था करने का सुझाव रखा, ताकि सेवा निवृत्ति के बाद उन्हें सम्मानजनक सुरक्षा मिल सके। चर्चा के बाद प्रतिनिधि मण्डल स्वास्थ्य विभाग पहुँचा, जहाँ उन्होंने आशा सहयोगिनियों की समस्याओं एवं उनके कार्यक्षेत्र से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके समाधान की मांग की।
इस प्रतिनिधि मण्डल में संगठन की संरक्षक सीता स्वामी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सीता भाटी, प्रदेश संगठन मंत्री भगवती जोशी, श्रीगंगानगर जिला प्रभारी अमरपाल कौर, कोटा जिला अध्यक्ष मीरा शर्मा, टोंक जिला अध्यक्ष संजू स्वर्णकार, जिला मंत्री गुंजन शर्मा, रीना कठूमर, आशा सहयोगिनी मनीषा तिवारी, नीतू गोयल समेत कई वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।