डीग जिले में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित: कुल 7,90,858 मतदाता दर्ज; 11 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां
डीग, नीरज जैन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत डीग जिले में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने जिले के समस्त उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मिलने वाले विभिन्न प्रपत्रों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए, साथ ही मतदाता जागरूकता के लिए 'स्वीप' गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया ताकि जेंडर रेशियो में सुधार लाया जा सके।
जिले में कुल 7,90,858 मतदाता दर्ज
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 12 नवंबर 2026 को जिले की एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है। इस प्रारूप सूची के अनुसार डीग जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 7,90,858 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 4,23,665 पुरुष, 3,67,187 महिला और 6 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
विधानसभावार मतदाताओं का आंकड़ा इस प्रकार है:
-
कामां विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,77,654 मतदाता (1,49,696 पुरुष, 1,27,955 महिला एवं 3 थर्ड जेंडर)
-
नगर विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,60,111 मतदाता (1,38,757 पुरुष एवं 1,21,354 महिला)
-
डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,53,093 मतदाता (1,35,212 पुरुष, 1,17,878 महिला एवं 3 थर्ड जेंडर)
11 दिसंबर तक दर्ज कराएं जा सकेंगे दावे और आपत्तियां
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके पश्चात प्राप्त होने वाले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, तमाम प्रक्रियाओं के बाद आगामी 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
सही प्रपत्रों के जरिए कराएं संशोधन व नाम जुड़वाएं
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सूची में नाम जुड़वाने या संशोधन के लिए सही प्रपत्रों का उपयोग करें। नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 एवं 6ए, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन किए जा सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इन आवेदनों का त्वरित निस्तारण करें और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रह सके।

