किसानों के द्वार पहुंच रहा ‘ग्राम रथ’, 17 जिलों की प्यास बुझाएगा चंबल-कालीसिंध-पार्वती का पानी : सुरेश सिंह रावत
डीग, (नीरज जैन) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शीशवाड़ा में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के जल संसाधन, जल संसाधन (आयोजना) एवं भरतपुर-डीग जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत तथा गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शिरकत की। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को आवासीय पट्टे वितरित कर संपत्ति का मालिकाना हक सौंपा।
चौपाल को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पहले रथ केवल चुनावों के समय दिखाई देते थे, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अब किसानों और आमजन के हित में ग्राम रथ को उनके द्वार तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाना और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।
रावत ने संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस परियोजना से चंबल, कालीसिंध और पार्वती नदियों का पानी प्रदेश के 17 जिलों तक पहुंचेगा, जिससे पेयजल और सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने किसानों से 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले वृहद किसान मेले ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ में अधिकाधिक भाग लेने की अपील भी की।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चौपाल में प्राप्त आमजन की शिकायतों का 15 दिन के भीतर समाधान कर परिवादियों को लिखित रूप से अवगत कराया जाए। यदि कोई कार्य नियमों के तहत संभव नहीं हो तो उसका स्पष्ट कारण बताया जाए तथा रिपोर्ट उन्हें भी भेजी जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करना है। बेढ़म ने 17 मई से ग्राम विकास अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक और एएनएम के माध्यम से डोर-टू-डोर सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वृद्धावस्था पेंशन, पीएम किसान सम्मान निधि, बेरोजगारी भत्ता, खाद्य सुरक्षा और टीकाकरण जैसी योजनाओं से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली ऋण सुविधाओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक आवेदन करने की अपील की। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


