बाल संस्कार केंद्रों के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरी देशभक्ति की छटा
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। सेवा भारती समिति डीडवाना द्वारा मकराना-बोरावड़ में संचालित बाल संस्कार केंद्रों का सामूहिक वार्षिक उत्सव रविवार को स्थानीय गुरुद्वारा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। बाबा ईश्वर दास के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी ओमप्रकाश भूतड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में समाज को संस्कारों की सर्वाधिक आवश्यकता है। उन्होंने सेवा भारती द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वहीं, अध्यक्षता कर रहे पूर्व बीईईओ जेठाराम बणिया ने कहा कि आज की शिक्षा व्यक्ति को साक्षर तो बना रही है, लेकिन संस्कारित करने में पीछे है। उन्होंने सेवा के संकल्प को सर्वोपरि बताते हुए केंद्रों के शिक्षकों की भूमिका को समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। उत्सव के दौरान 07 केंद्रों के बच्चों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों, नृत्यों और लघु नाटिकाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मोहक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर अतिथियों ने उन्हें नकद पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया।
जोधपुर प्रांत मंत्री लीलाधर सोनी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कहा कि सेवा भारती का मुख्य लक्ष्य भारत माता का मस्तक ऊंचा रखना है। हमारे केंद्रों पर सामाजिक समरसता और चरित्र निर्माण का पाठ पढ़ाया जाता है। कार्यक्रम में डीडवाना अध्यक्ष मनोहर सिंह, संघ खंड प्रमुख महावीर बिदादा और श्रीमती कमला चौहान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचस्थ रहे। कार्यक्रम में मकराना-बोरावड़ की छह बस्तियों के शिक्षक प्रियंका पंवार, विनोद मालावत, रामदेव, गीता मेघवाल, रेशमा सांसी, कविता, राखी घारु सहित सेवा भारती प्रकल्प प्रमुख सोमनाथ, श्यामसुंदर स्वामी, केप्टन रामचंद्र सिंह, मुख्य ग्रंथी बाबा रणजीत सिंह और नगर के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।