भरतपुर रेंज पुलिस गेम्स-2025 : धौलपुर पुलिस का शानदार प्रदर्शन, हॉकी में 4-0 से फाइनल जीत
सरमथुरा (धौलपुर /नाहर सिंह मीना) “जीत के लिए जुनून चाहिए, आत्मविश्वास रगों में खून चाहिए, ये आसमान भी आएगा जमीं पर, बस इरादों में जीत की गूँज चाहिए।”इन्हीं प्रेरक भावों को साकार करते हुए 25 से 28 फरवरी तक सवाई माधोपुर में आयोजित 20वें भरतपुर रेंज पुलिस गेम्स एवं ड्यूटी मीट-2025 में धौलपुर पुलिस की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी खेल क्षमता का लोहा मनवाया। सात प्रमुख खेलों में से छह मेजर गेम्स—कबड्डी, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन—में धौलपुर पुलिस ने शानदार जीत दर्ज कर कई खिताब अपने नाम किए। खिलाड़ियों के अनुशासन, टीम वर्क और जुझारूपन ने पूरे रेंज में धौलपुर का परचम लहरा दिया।
सबसे रोमांचक मुकाबला हॉकी फाइनल में देखने को मिला, जहां धौलपुर पुलिस टीम ने सवाई माधोपुर को 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
हॉकी टीम के खिलाड़ी: - प्रेम सिंह (ASI), श्रीकांत (HC), अंकित कुमार (HC), योगेश कुमार (HC), श्रीनिवास (CT), हरप्रसाद (CT), रवि पाठक (CT), सौरभ (CT), गजेंद्र (CT), महेंद्र कुमार (CT), विजय प्रताप (CT), देवेंद्र सिंह (CT), विक्रम (CT), संदीप (CT), जोगेंद्र (CT) तथा संजय (गोलकीपर)।
समापन समारोह में कैलाश चंद्र विश्नोई (महानिरीक्षक पुलिस, भरतपुर रेंज) ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस बल में शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता का विशेष महत्व है, जिसे इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सिद्ध किया है।
इस अवसर पर विकास सांगवान (पुलिस अधीक्षक, धौलपुर) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी जोश और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा कमल कुमार जांगिड़ (एडीशनल एसपी, बाड़ी) ने भी टीम की ऐतिहासिक जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे धौलपुर पुलिस की खेल परंपरा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
धौलपुर पुलिस की इस उल्लेखनीय सफलता ने न केवल विभाग का मान बढ़ाया है, बल्कि युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का नया मानक भी स्थापित किया है। यह उपलब्धि स्पष्ट संदेश देती है कि समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।