राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में 16 अप्रेल कोआयोजित होगी प्रवेश कार्यशाला
खैरथल/टपूकड़ा (हीरालाल भूरानी ) राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में , गुरुवार 16 अप्रैल 2026 को कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं के उज्जवल भविष्य और उन्हें उच्च शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष प्रवेश कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला महाविद्यालय परिसर में प्रातः 11:30 बजे प्रारंभ होगी।
- ऑनलाइन प्रक्रिया और करियर गाइडेंस पर रहेगा जोर
कार्यशाला प्रभारी डॉ. रमेश चंद्र शर्मा ने जानकारी दी कि इस सत्र में महाविद्यालय के विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को ऑनलाइन प्रवेश की जटिल प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया जाएगा। साथ ही, छात्राओं को करियर मार्गदर्शन, कॉलेज में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सह-शैक्षणिक गतिविधियों (Extra-curricular activities) के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इस कार्यशाला में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय से 12वीं उत्तीर्ण छात्राएं सम्मिलित हो सकती हैं। भाग लेने वाली छात्राओं को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाना अनिवार्य है:
-
इंटरनेट से प्राप्त 12वीं कक्षा की अंकतालिका।
-
स्वयं का आधार कार्ड।
बालिकाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने की अनूठी पहल
महाविद्यालय प्राचार्य ने बताया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को अक्सर जानकारी के अभाव में प्रवेश लेने में कठिनाई होती है। इस समस्या को देखते हुए महाविद्यालय ने यह नवीन पहल की है। प्राचार्य के अनुसार, "हमारा लक्ष्य है कि क्षेत्र की कोई भी होनहार बालिका उच्च शिक्षा के अवसर से वंचित न रहे।"


