अलवर: अंबेडकर जयंती रैली के दौरान पुलिस कोतवाली पर पथराव, 'पटाखा बाइक' पर कार्रवाई को लेकर बढ़ा तनाव
अलवर (अनिल गुप्ता) शहर में मंगलवार को अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही रैली के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने शहर कोतवाली पर पथराव कर दिया। इस घटना में कोतवाली का मुख्य बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, किसी पुलिसकर्मी या नागरिक को गंभीर चोट आने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन द्वारा रैली के दौरान तेज आवाज और हुड़दंग मचाने वाली 'पटाखा साइलेंसर' लगी बुलेट बाइकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस द्वारा इन बाइकों को रोकने और जब्त करने के प्रयास से आक्रोशित होकर कुछ युवकों ने शाम करीब 4:00 बजे अचानक कोतवाली थाने को निशाना बनाया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से एक बारगी थाने में अफरा-तफरी मच गई।
-
घटना के तुरंत बाद कोतवाली के बाहर भारी पुलिस जाब्ता और QRT (Quick Response Team) को तैनात कर दिया गया है। पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने 14 अप्रेल को जिले में शराब के ठेके बंद रखने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए थे। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है, लेकिन शहर में अभी भी रैलियों का दौर जारी होने के कारण पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है ताकि दोबारा तनाव की स्थिति पैदा न हो।
प्रशासन ने आमजन और संगठन के पदाधिकारियों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। हुड़दंग करने वाले और पथराव में शामिल युवकों की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


