कठूमर में वस्त्र व्यापार संघ की बैठक सम्पन्न, सुनील बजाज पुनः अध्यक्ष निर्वाचित; हर माह 15 तारीख को बाजार बंद रखने का सर्वसम्मति से निर्णय, उल्लंघन पर लगेगा अर्थदंड
कठूमर (दिनेश लेखी) कस्बे में स्थित लाल दास बाबा मंदिर परिसर में मंगलवार को वस्त्र व्यापार संघ कठूमर की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के अनेक व्यापारियों ने भाग लिया और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से सुनील बजाज को एक बार फिर वस्त्र व्यापार संघ का अध्यक्ष चुना गया। उनके पुनः अध्यक्ष बनने पर उपस्थित व्यापारियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी और संगठन को और मजबूत बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में व्यापारियों की सहमति से यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि अब प्रत्येक माह की 15 तारीख को बाजार पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना और आपसी एकता को बनाए रखना बताया गया। साथ ही यह भी तय किया गया कि जो भी व्यापारी इस नियम का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ संघ द्वारा अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी।
अंत में सभी व्यापारियों ने संगठन की एकता बनाए रखने और लिए गए निर्णयों का पालन करने का संकल्प लिया।
बैठक में सुरेश खंडेलवाल, सुनील दुसाद, नरेश दुसाद, अशोक बजाज, सुभाष बजाज, अशोक रावत, बालाजी, रवि बजाज, पारस जैन, संजीव बंसल, आशीष बंसल, सुनील ठाकुरिया, गगन दुसाद, प्रफुल्ल खंडेलवाल, उमेश पटेल, पंकज कूलवाल, महावीर जैन, आशीष खंडेलवाल, गोलू खंडेलवाल सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।


