सड़क हादसे के 18 दिन बाद वकील की मौत, सिर में गंभीर चोट बनी जानलेवा
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर सेशन कोर्ट के अधिवक्ता खेमराज बसवाल ने सड़क दुर्घटना के बाद अठारह दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। मृतक अधिवक्ताअखैपुरा थाना क्षेत्र के फूटी खेल क्षेत्र के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को खेमराज बसवाल अपनी बाइक से दौसा जिले के महेशरा गांव मे अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान राजगढ़ के सूरेर गांव के पास कैलाश पब्लिक स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खेमराज और उनका पुत्र शोभित गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों को तत्काल अलवर अस्पताल ले जाया गया, जहां से खेमराज की हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रैफर कर दिया गया। जयपुर में उनका ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद कुछ दिनों तक उनकी हालत में सुधार भी देखने को मिला। लेकिन बाद मे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बुधवार सुबह परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


