महुवा: पुलिस स्थापना दिवस पर छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर; थानाधिकारी ने कहा- 'रील्स के झूठे शौक से बचें विद्यार्थी'
महुवा (अवधेश अवस्थी) राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को महुवा उपखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में साइबर अपराध जागरूकता एवं सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महुवा थानाधिकारी राजेंद्र कुमार मीना ने छात्राओं को डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।
छात्राओं को संबोधित करते हुए थानाधिकारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान में विद्यार्थियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और 'रील' बनाने की आपाधापी से बचने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "विद्यार्थी सोशल मीडिया पर सुंदर दिखने के झूठे शौक में अपनी सुरक्षा से समझौता न करें।" उन्होंने छात्राओं को अपनी निजी तस्वीरें साझा न करने, अनजान लोगों को पासवर्ड न बताने और मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही करने की सलाह दी।
थानाधिकारी ने एटीएम फ्रॉड, बैंक खाता धोखाधड़ी और सेक्स टॉर्शन जैसे गंभीर अपराधों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसी भी संकट या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने या उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर 9928082648 पर संपर्क करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा पूछे गए साइबर सुरक्षा संबंधी सवालों का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ थानाधिकारी राजेंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक देशराज और प्रधानाचार्य हनुमान प्रसाद मीना द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इस अवसर पर पुलिस स्टाफ के सनी, लाखन, महिला सुरक्षा सखी अनीता अवस्थी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं। अंत में प्रधानाचार्य हनुमान प्रसाद मीना ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


