भामाशाह शांतिलाल जैन की धर्मपत्नी पोसी बाई के निधन से तखतगढ़ में शोक, विद्यालय में दी गई श्रद्धांजलि
तखतगढ़ (बरकत खान) महात्मा गाँधी राजकीय विद्यालय, तखतगढ़ के नवीन भवन निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले जैन मेटल ग्रुप (चेन्नई) के भामाशाह शांतिलाल साकलचंद जैन की धर्मपत्नी श्रीमती पोसी बाई के निधन पर विद्यालय परिसर में शोक की लहर छा गई। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद विद्यालय परिवार द्वारा एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया।
निधन की जानकारी मिलते ही विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, नवीन भवन निर्माण में लगे ठेकेदारों और श्रमिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। शोक सभा के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और सामूहिक प्रार्थना की गई।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानाध्यापक मीठालाल जोशी ने दिवंगत पोसी बाई के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि "पोसी बाई धार्मिक मूल्यों, गौ-सेवा और करुणा की प्रतिमूर्ति थीं। 78 वर्ष की आयु तक उन्होंने समाज और परिवार को संस्कारित करने का कार्य किया। उनका शिक्षा के प्रति प्रेम और भामाशाह शांतिलाल जी के सेवा कार्यों में उनका 60 वर्षों का साथ सदैव स्मरणीय रहेगा।"
इस अवसर पर बगड़ी नगर डाइट प्राचार्य प्रेमचंद, करुणा केन्द्राधीक्षक मीठालाल जोशी, सचिव मनोज जीनगर, प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, पूर्व शिक्षक महादेव सिंह सोलंकी, कॉन्ट्रेक्टर रमेश कुमावत, हंससिंह सहित पूजा गोस्वामी, मंजुला चरपोटा, संजू विश्नोई एवं समस्त विद्यालय स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


