दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति घायल: चैनल पेट्रोलिंग टीम को घायल हालत में मिला, अलवर रेफर
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 60 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया है।
घटना सुबह करीब 7 बजे की है। दिल्ली से जयपुर जाने वाली लेन में इंदपुर के पास चैनल नंबर 87+650 पर पेट्रोलिंग टीम को एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। उसकी पहचान इंदपुर निवासी रिशपाल पुत्र मूलचंद सैनी के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि रिशपाल सैनी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह अक्सर घर से बाहर घूमते रहते थे। रात में वह एक्सप्रेस-वे पर पहुंच गए थे, जहां किसी वाहन की चपेट में आने से उनके पैरों में फ्रैक्चर हो गया।
एनएचएआई की एम्बुलेंस ने उन्हें बड़ौदा मेव अस्पताल पहुंचाया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अलवर के अस्पताल में इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।


