बिराई स्कूल में ₹67 लाख की लागत से निर्मित सनातन संस्कृति भवन का रविवार को होगा लोकार्पण
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर होंगे मुख्य अतिथि; तैयारियां जोरों पर
बावड़ी (जोधपुर/मिश्रीलाल लखारा)। बावड़ी उपखंड क्षेत्र के बिराई गांव में आगामी रविवार, 19 जुलाई को एक भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित होने जा रहा है। गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अनंत श्री सुखराम दासजी ट्रस्ट (राम धाम राम चौकी) द्वारा ₹67 लाख की भारी-भरकम लागत से नवनिर्मित 'भारतीय सनातन संस्कृति पुनरुत्थान भवन' का उद्घाटन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
समारोह की तैयारियां इन दिनों युद्ध स्तर पर चल रही हैं। ट्रस्ट से जुड़े कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। समारोह में आने वाले साधु-संतों, अतिथियों और आमजन के भव्य स्वागत-सत्कार तथा बैठक व्यवस्था को लेकर समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
यह पूरा कार्यक्रम रामसनेही संप्रदाय के महंत एवं अनंत श्री सुखराम दासजी ट्रस्ट के प्रबंधक न्यासी श्री सुखराम जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शिरकत करेंगे। विद्यालय परिसर में निर्मित यह आधुनिक भवन क्षेत्र में सनातन संस्कृति के मूल्यों को बढ़ावा देने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा।


