राउमावि बिराई के 8 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन; विद्यालय और गांव में खुशी की लहर
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा : बावड़ी उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिराई के लिए एक गौरवशाली क्षण सामने आया है। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय स्कूली सॉफ्टबॉल खेलकूद प्रतियोगिता (17 व 19 छात्र-छात्रा वर्ग) के लिए विद्यालय के 8 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तर पर हुआ है।
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन चयनित खिलाड़ियों में सुमता, सुमन, रविना, दीपिका, ममता, भावना, ललित और रविंद्र शामिल हैं। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और शारीरिक क्षमता के आधार पर उनका यह चयन हुआ है। जोधपुर दल के दलाधिपति पवन कुमार ढाका ने इस बात की जानकारी दी।
अलग-अलग जिलों में हो रही हैं प्रतियोगिताएं राज्य स्तरीय इस खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 से 7 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसके तहत छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता पिनान (अलवर) में तथा छात्र वर्ग की प्रतियोगिता चौहटन (बाड़मेर) में आयोजित हो रही है। खास बात यह है कि विद्यालय के वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक और सॉफ्टबॉल कोच बिरमा राम माली जोधपुर टीम को अपना आधिकारिक प्रशिक्षण देंगे।
खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयनित होने पर विद्यालय परिवार, खेल प्रेमियों और गांव के नागरिकों ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

