नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सशक्त आधारशिला: श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में हुई भाषण प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाया उत्साह
भरतपुर / कौशलेन्द्र दत्तात्रेय। श्री अग्रसेन महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त इकाई और माई भारत (My Bharat) भरतपुर टीम के संयुक्त तत्वावधान में 'विकसित भारत युवा संसद' कार्यक्रम के तहत एक भव्य भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'नशामुक्त युवा, विकसित भारत' रहा, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
युवा राष्ट्र की वास्तविक पूंजी: सुनील राणा
माई भारत भरतपुर के उपनिदेशक सुनील राणा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की असली पूंजी होती है। उन्होंने आह्वान किया कि राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य तभी संभव है जब युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाएं। उन्होंने जोर दिया कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही वर्ष 2047 के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार कर सकते हैं।
नशा युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है: एडीएम सिटी राहुल सैनी
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए एडीएम सिटी राहुल सैनी ने कहा कि नशा एक ऐसी खतरनाक दीमक है जो युवा पीढ़ी की बौद्धिक क्षमता और ऊर्जा को भीतर से खोखला कर रही है। जब तक युवा नशे की बेड़ियों में जकड़े रहेंगे, तब तक सशक्त राष्ट्र की कल्पना अधूरी है। उन्होंने छात्राओं से समाज में बदलाव की मशाल बनने की अपील की।
प्रतियोगिता के परिणाम:
इस भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया। निर्णायक मंडल के सदस्यों (डॉ. जितेंद्र रैकवार, डॉ. सुधा शर्मा, डॉ. के.के. शर्मा, रवि सिंघल और हेती सिंह) के निर्णयानुसार:
- प्रथम स्थान: कनुप्रिया
- द्वितीय स्थान: गायत्री
- तृतीय स्थान: अनुष्का शर्मा
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण अधिकारी मनोज आर्य, अग्रवाल शिक्षा समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. गंभीर सिंह और डॉ. राकेश सोलंकी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में डॉ. राकेश सोलंकी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

