योगी पंचगव्य नाथ परमाश्रम में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन; 251 कन्याओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
बड़नगर (भारत कुमार शर्मा): निकटवर्ती ग्राम बड़नगर स्थित योगी पंचगव्य नाथ परमाश्रम अवधपुरी धाम में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का भक्तिमय माहौल के साथ समापन हुआ। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में अपार श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
- कलश यात्रा और सत्संग से हुआ शुभारंभ
योगी पंचगव्य नाथ महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ 31 अक्टूबर की सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसमें 251 कन्याओं और महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर गाजे-बाजे के साथ यात्रा निकाली। इसके पश्चात, रात्रि में पूज्य संतों के पावन सानिध्य में ज्ञानवर्धक सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ उठाया।
- पूर्णाहुति, भंडारा व संत विदाई
आयोजन के दूसरे दिन, 1 नवंबर की सुबह गुरुदेव बाबू नाथ जी महाराज के सानिध्य में यज्ञ कुंड में विधि-विधान से पूर्णाहुति दी गई। तत्पश्चात भगवान को दिव्य भोग लगाकर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। योगी पंचगव्य नाथ महाराज ने पूज्य गुरुदेव एवं पधारे हुए सभी संतों को आदरपूर्वक भोजन कराया तथा यथाशक्ति दक्षिणा व वस्त्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी।
- भजनों की स्वर लहरी पर झूमे श्रद्धालु
कार्यक्रम के दौरान मुकेश लालवाड़ी एंड पार्टी द्वारा पूरे दिन एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते रहे। इस संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में ग्राम बड़नगर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध जनों और कार्यकर्ताओं ने पूरे समय उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं दीं।

