मकराना में अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी: मौलाना सय्यद नूर मियां अशरफ़ी बोले— 'शादियों में फिजूल रस्में बंद हों और हया-पर्दे का हो एहतमाम'
मकराना (मोहम्मद शहजाद): शहर के होटल मोती महल के पीछे स्थित अनवर जी खत्री के निवास स्थान पर शुक्रवार की रात ईशा की नमाज़ के बाद अक़ीदत व एहतराम के साथ जश्ने ईद मिलादुन्नबी का रूहानी आयोजन किया गया। यह महफिल मरहूम्मा हज्जन वहीदन बेगम के पोते तथा हाजी अनवर और हाजी लियाक़त के शहज़ादों की शादी-खाना आबादी के मुबारक मौके पर सजाई गई थी। कार्यक्रम की सदारत हज़रत अल्लामा मौलाना रमज़ान रज़ा बरकाती साहब ने की, जबकि मंच का संचालन मौलाना फ़ुरक़ान अशरफ़ी ने किया। इस दौरान मकराना और आसपास के क्षेत्रों से आए कई इमाम साहबान विशेष रूप से मौजूद रहे।
समाज सुधार और सादगी का संदेश कार्यक्रम के मुख्य वक्ता (मुक़र्रिर-ए-ख़ुसूसी) हुज़ूर नूर उल मशायख़ हज़रत अल्लामा मौलाना सय्यद नूर मियां अशरफ़ी साहब क़िब्ला ने अपने संबोधन में समाज सुधार और इस्लामी तहज़ीब पर विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि शादी-ब्याह के मौकों पर बढ़ रही नई और गैर-ज़रूरी रस्मों को सख्ती से रोका जाना चाहिए और सादगी को अपनाना चाहिए। उन्होंने बढ़ते आधुनिक फैशन पर चिंता जताते हुए कहा कि हर मुसलमान को अपनी जिंदगी में शर्म-ओ-हया का खास ख्याल रखना चाहिए। साथ ही, महिलाओं को नसीहत दी कि वे इस्लामी तालीमात के मुताबिक पर्दे का एहतमाम करें, क्योंकि पर्दा ही औरत की इज्जत और वकार की असल हिफाजत है।
नातिया कलाम पर झूमे श्रोता जलसे के दौरान देश और प्रदेश के नामचीन नात-ख्वाने मुस्तफ़ा ने अपनी सुरीली आवाज़ में समां बांध दिया। अमीन बरकाती (मकराना), फ़िरोज़ हाशमती (पाली), शरीफ़ (बासनी) और मोइनुद्दीन जामी (बीकानेर) ने बारगाहे रिसालत में एक से बढ़कर एक बेहतरीन नातिया कलाम पेश किए, जिन्हें सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। देर रात तक चले इस कार्यक्रम के अंत में सलातो-सलाम पेश किया गया, जिसके बाद देश में अमन-चैन की दुआ मांगकर शिरनी (प्रसाद) वितरित की गई।

