रामपुरिया में 'पंचायत सरकार' का गठन: नवनिर्वाचित सरपंच उम्मेद सिंह राणावत ने संभाला कार्यभार, वार्ड पंचों ने ली शपथ

Nov 16, 2026 - 17:27
 0
रामपुरिया में 'पंचायत सरकार' का गठन: नवनिर्वाचित सरपंच उम्मेद सिंह राणावत ने संभाला कार्यभार, वार्ड पंचों ने ली शपथ

गुरला (बद्री लाल माली)। ग्राम पंचायत रामपुरिया में सोमवार को नवनिर्वाचित सरपंच उम्मेद सिंह राणावत ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पंडित दिनेश कुमार तिवाड़ी के मुखारबिंद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस भव्य पदभार ग्रहण समारोह में सभी वार्ड पंचों ने भी शपथ लेकर अपने पद का कार्यभार संभाला। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शिरकत की।

वैदिक मंत्रोच्चार और हवन के साथ हुआ समारोह

प्रातः 11:15 बजे शुरू हुए इस समारोह में फूलों और झालरों से सजे पंचायत भवन में पंडित दिनेश कुमार तिवाड़ी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन संपन्न करवाया। मंत्रोच्चार के बीच सरपंच उम्मेद सिंह राणावत और सभी वार्ड पंचों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा साफा बंधवाकर स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ग्रामीणों के उत्साह से पूरा वातावरण भक्तिमय व उल्लासपूर्ण हो गया।

सर्वांगीण विकास और बिना भेदभाव कार्य करने का संकल्प

पदभार संभालने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच उम्मेद सिंह राणावत ने कहा कि ग्रामीणों ने जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने घोषणा की कि गांव में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत में सभी कार्य बिना किसी भेदभाव के होंगे और हर वार्ड का समान विकास किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर गांव के विकास में जुटने का आह्वान किया।

दिग्गजों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह के दौरान भीलवाड़ा नगर निगम महापौर जसवन्त कंवर, विधायक लादू लाल पिथलिया, महाराणा कुम्भा ट्रस्ट के अध्यक्ष हमेन्द्र सिंह डाबला, पूर्व जिला परिषद सदस्य रूप लाल जाट, सुवाणा पूर्व प्रधान फूल कंवर-चावंड सिंह एकलिंगपुरा, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शंकर लाल जाट, ठिकाना बांसड़ा के महाराज साहब देवेन्द्र सिंह सहित कारोही, गुरला, भुनास, शिवरती, सातलियास, भरक, सेतुरिया, सोपुरा, गुन्दली, कोचरिया, दरीबा, सुराश आदि आसपास के गांवों के सरपंच एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ग्रामीणों में जगी नई उम्मीदें

समारोह में उपस्थित अतिथियों ने उम्मीद जताई कि नए सरपंच के नेतृत्व में रामपुरिया गांव विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि रुके हुए विकास कार्य फिर से गति पकड़ेंगे। कार्यक्रम के अंत में आए हुए सभी अतिथियों और ग्रामीणों के लिए सहभोज (प्रसाद) की व्यवस्था की गई।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................