अटल ज्ञान केंद्र का ताला तोड़कर डावोला नगर पंचायत को सौंपा गया भवन; आज सुबह 9 बजे कार्यभार ग्रहण करेंगी नवनिर्वाचित सरपंच

Nov 13, 2026 - 19:02
 0
अटल ज्ञान केंद्र का ताला तोड़कर डावोला नगर पंचायत को सौंपा गया भवन; आज सुबह 9 बजे कार्यभार ग्रहण करेंगी नवनिर्वाचित सरपंच

बावड़ी / जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा): बावड़ी ग्राम पंचायत स्थित अटल ज्ञान केंद्र भवन पर ताला लगाने को लेकर चल रहा प्रशासनिक और राजनीतिक विवाद आखिरकार जिला परिषद के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने नवगठित डावोला नगर ग्राम पंचायत के संचालन के लिए इस भवन का अस्थाई आवंटन कर दिया है। आदेश की पालना में खेड़ापा पुलिस की मौजूदगी में केंद्र के मुख्य द्वार पर अलग से वेल्ड की गई कुंडी व ताले को तोड़कर भवन का कब्जा सौंप दिया गया। अब नवनिर्वाचित सरपंच बेबी डउकिया (पत्नी लिखमाराम डउकिया) शनिवार सुबह 9 बजे इसी भवन में विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगी।

भवन न मिलने से अटका था सरपंच का कार्यभार

गौरतलब है कि पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में बीते 30 अक्टूबर को नवगठित डावोला नगर ग्राम पंचायत के चुनाव संपन्न हुए थे, जिसमें बेबी डउकिया पहली सरपंच निर्वाचित हुई थीं। हालांकि, पंचायत संचालन के लिए उपयुक्त सरकारी भवन की व्यवस्था न हो पाने के कारण निर्वाचन के बावजूद वे कार्यभार ग्रहण नहीं कर पा रही थीं। ग्राम विकास अधिकारी सुरेश कुमार नारोलिया द्वारा स्थानीय स्तर पर भेजे गए एक अन्य भवन के प्रस्ताव को उपयुक्त नहीं माना गया था, जिसके बाद बावड़ी स्थित अटल ज्ञान केंद्र को अस्थाई रूप से देने की अनुशंसा की गई थी।

कुंडी वेल्ड कर जड़ दिया था ताला, पुलिस ने खुलवाया

अटल ज्ञान केंद्र के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया था। बावड़ी सरपंच लक्ष्मी टाक ने अपने समर्थकों के साथ भवन के मुख्य द्वार पर अलग से कुंडी वेल्ड करवाकर ताला जड़ दिया था। इस संबंध में बावड़ी सरपंच का तर्क था कि उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी से भवन में संचालित गतिविधियों और रखे सामान का ब्यौरा मांगा था। वहीं, विकास अधिकारी संपत गोदारा ने इसे सरकारी संपत्ति बताते हुए निजी तौर पर ताला लगाने को पूरी तरह अनुचित ठहराया था।

जिला परिषद की सख्ती के बाद सुलझा मामला

मामला जिला परिषद स्तर पर पहुंचने के बाद सीईओ ने सख्त रुख अपनाते हुए डावोला नगर पंचायत के पक्ष में अस्थाई आवंटन आदेश जारी किए। इसके बाद पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में वेल्ड की गई कुंडी और ताले को तोड़कर भवन का दरवाजा खुलवाया गया। भवन उपलब्ध होने से अब नवगठित ग्राम पंचायत का कामकाज सुचारू रूप से शुरू हो सकेगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................