नोरंगपुरा ग्राम पंचायत में ताराचंद भावरिया ने रचा इतिहास: 36 वोटों से शानदार जीत दर्ज कर तीसरी बार बने सरपंच
नोरंगपुरा (खेतड़ी) सुमेर सिंह राव। खेतड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत नोरंगपुरा में हुए सरपंच चुनाव में ताराचंद भावरिया ने 36 वोटों के अंतर से शानदार जीत दर्ज कर एक बार फिर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही उन्होंने तीसरी बार ग्राम पंचायत की कमान संभालने का गौरव हासिल किया है। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर व मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
चुनाव परिणाम के बाद दूरभाष पर हुई बातचीत में नवनिर्वाचित सरपंच ताराचंद भावरिया ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नोरंगपुरा की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे और आगामी पांच वर्षों तक एक सेवक बनकर क्षेत्र की सेवा करेंगे।
विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
ताराचंद भावरिया ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि पंचायत में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए विकास कार्य करवाए जाएंगे और जो कार्य अधूरे पड़े हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भावरिया परिवार का पंचायत की राजनीति में गहरा प्रभाव रहा है; इससे पूर्व उनकी धर्मपत्नी कमला भावरिया भी नोरंगपुरा ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी हैं।

