मकराना में आयोजित हुआ विशाल 'इज्तिमा-ए-आम': जमाअत-ए-इस्लामी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मलिक मुअतसिम ख़ान बोले— 'नफ़रत का जवाब मोहब्बत से देंगे, देश को इंसाफ से भरना हमारा मिशन'

Nov 14, 2026 - 18:50
 0
मकराना में आयोजित हुआ विशाल 'इज्तिमा-ए-आम': जमाअत-ए-इस्लामी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मलिक मुअतसिम ख़ान बोले— 'नफ़रत का जवाब मोहब्बत से देंगे, देश को इंसाफ से भरना हमारा मिशन'

मकराना (मोहम्मद शहजाद): कस्बे के देशवाली कॉलोनी स्थित फ़ातिमा मस्जिद के सामने जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, मकराना के तत्वावधान में एक विशाल ‘इज्तिमा-ए-आम’ का आयोजन किया गया। कुरआन की आयत “ला तहज़न इन्नल्लाहा मअना” (ग़म ना करो, बेशक अल्लाह हमारे साथ है) के केंद्रीय विषय पर आधारित यह कार्यक्रम जुमा की नमाज़ के बाद शुरू होकर तीन सत्रों में रात करीब 11 बजे तक चला। इसमें मकराना सहित जोधपुर, डीडवाना-कुचामन और अजमेर जिलों से बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने शिरकत की।

नफ़रत के माहौल में धैर्य और संवाद का संदेश कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (नायब अमीर) जनाब मलिक मुअतसिम ख़ान ने देश के मौजूदा हालात पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज देश वैचारिक, नैतिक और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, जहाँ महंगाई और बेरोज़गारी से आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "न हम इस्लाम छोड़ने वाले हैं और न ही भारत छोड़ने वाले हैं, बल्कि हमारा फ़ैसला है कि हम भारत की सरज़मीं को रहमत, मोहब्बत और इंसाफ़ से भरेंगे। नफ़रत का जवाब नफ़रत से नहीं, बल्कि मोहब्बत से देना हमारा मिशन है।"

यूसीसी और शरीयत के संरक्षण पर चर्चा जमाअत के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष (अमीर-ए-हलक़ा) जनाब मुहम्मद नाज़िमुद्दीन ने ‘तहफ़्फ़ुज़-ए-शरीयत और उम्मते मुस्लिमा’ विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि संविधान प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के दायरे में रहकर समाज को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने राजस्थान में ‘जॉइंट कमेटी तहफ़्फ़ुज़-ए-शरीयत व औक़ाफ़’ के गठन की जानकारी दी और समाज से विरासत व निकाह में महिलाओं के अधिकार सुनिश्चित करने की अपील की।

महिलाओं और युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर द्वितीय व तृतीय सत्र में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर मंथन हुआ। शोबा-ए-ख़्वातीन की सचिव मोहतरमा रुबिना अबरार ने सादगी अपनाने और शादियों में फ़िज़ूलख़र्ची रोकने का संकल्प दिलाया। वहीं, जीआईओ की ज़ोनल सचिव मोहतरमा हिबा नाज़, एसआईओ के सीएसी सदस्य आदिल सैफ़ी, नवेद अहमद और अबरार अहमद ने युवाओं को व्यक्तिगत ईमानदारी, हिकमत (विवेक) और सकारात्मक सोच के साथ समाज निर्माण में जुटने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में मुफ़्ती अदनान नदवी की सामूहिक दुआ के साथ इज्तिमा का शांतिपूर्ण समापन हुआ। इस दौरान सलीम अख्तर, हाजी अब्दुल वहीद खिलजी, फय्याज अहमद और नासीर खान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................