राजस्थान विधानसभा का अनोखा 'संयोग': पूरे पांच साल कभी एक साथ नहीं बैठ पाते 200 विधायक! पिछले तीन साल में चौथी बार राजस्थान विधानसभा का आंकड़ा 199 पर अटका
राजस्थान विधानसभा में फिर 199 रह गई सदस्य संख्या: 16वीं विधानसभा के तीन साल में चौथी बार सामने आया यह संयोग
जयपुर / राजस्थान
राजस्थान विधानसभा के इतिहास में एक अजीबोगरीब संयोग या दुर्योग लंबे समय से जुड़ा रहा है—यहां पूरे पांच साल तक सभी 200 विधायक कभी एक साथ सदन में नहीं बैठ पाते। मौजूदा 16वीं विधानसभा में भी यही सिलसिला जारी है। 199 सदस्यों के निर्वाचन के साथ शुरू हुई इस विधानसभा में पिछले तीन सालों के भीतर चौथी बार विधायकों की संख्या घटकर 199 रह गई है। ताजा घटनाक्रम में बहरोड़ से निर्वाचित विधायक जसवंत यादव का लंबी बीमारी के चलते 8 नवंबर को निधन हो जाने से एक सीट फिर रिक्त हो गई है।
इतिहास भी रहा है इसी संयोग का गवाह
राजस्थान विधानसभा के गठन के बाद से ऐसे मौके बेहद कम आए हैं, जब सभी 200 विधायकों ने पूरे पांच वर्ष एक साथ सदन की कार्यवाही में हिस्सा लिया हो। कभी किसी विधायक के आकस्मिक निधन से सीट खाली हुई, तो कभी इस्तीफे, अयोग्यता या जेल जाने के कारण सदन का संख्याबल 200 से कम रहा है।
16वीं विधानसभा में कब-कब 199 रहा विधायकों का आंकड़ा:
-
पहली बार (नवंबर 2023 - गठन के समय): 16वीं विधानसभा के आम चुनावों के दौरान ही श्रीकरणपुर से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया, जिसके चलते वहां चुनाव स्थगित करना पड़ा। नतीजतन, नई विधानसभा की शुरुआत ही 199 सदस्यों के साथ हुई। बाद में उपचुनाव में कांग्रेस के रुपिन्दर कुन्नर की जीत के बाद यह संख्या 200 पर पहुंची।
-
दूसरी बार (सितंबर 2024): 14 सितंबर 2024 को अलवर जिले की रामगढ़ सीट से कांग्रेस विधायक जुबेर खान का निधन हो गया, जिससे सदन में फिर 199 विधायक रह गए। इसके बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के सुखवंत सिंह ने जीत दर्ज कर संख्याबल को दोबारा 200 तक पहुंचाया।
-
तीसरी बार (2025): अंता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा को अयोग्य ठहराए जाने के बाद यह सीट रिक्त घोषित कर दी गई और विधानसभा में फिर से 199 सदस्य रह गए। बाद में नवंबर 2025 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया विजयी हुए, जिससे सदन फिर पूरा हुआ।
-
चौथी बार (नवंबर 2026): अब बहरोड़ विधायक जसवंत यादव के निधन के बाद 16वीं विधानसभा में चौथी बार विधायकों की कुल संख्या एक बार फिर 199 पर आकर ठहर गई है।

