डावोला नगर की नवनिर्वाचित सरपंच बेबी डउकिया ने किया कार्यभार ग्रहण: ग्राम पंचायत के नए भवन निर्माण को प्राथमिकता देने का किया ऐलान
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा
डावोला नगर की नवनिर्वाचित सरपंच बेबी डउकिया ने किया कार्यभार ग्रहण, पंचायत भवन निर्माण को दी जाएगी पहली प्राथमिकता
क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत डावोला नगर की नवनिर्वाचित सरपंच बेबी देवी पत्नी लिखमाराम डउकिया ने शनिवार को प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। ग्राम विकास अधिकारी सुरेश कुमार नारोलिया ने उन्हें कार्यभार ग्रहण करवाया। कार्यक्रम के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए खेड़ापा थानाधिकारी मय जाब्ते और आरएसी के जवान तैनात रहे।
अटल ज्ञान केंद्र में हुआ कार्यक्रम, शुरुआती विवाद रहा चर्चा में
ज्ञात रहे कि डावोला नगर एक नवगठित ग्राम पंचायत है, जिसमें वर्तमान में खुद का सरकारी भवन नहीं है। इस कारण कार्यभार ग्रहण करने का यह कार्यक्रम बावड़ी स्थित अटल ज्ञान केंद्र में आयोजित करना पड़ा। हालांकि, इस दौरान शुरुआती दिनों में कुछ विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी, जिसे जिला परिषद के सीईओ द्वारा जारी आदेश से शांत किया गया। हालांकि शुक्रवार को सीईओ द्वारा आदेश में बदलाव भी किया गया, लेकिन आदेश में देरी होने के चलते कार्यभार ग्रहण की तैयारियां पहले ही पूर्ण हो चुकी थीं।
शीघ्र भूमि आवंटन करवाकर बनेगा पंचायत भवन: सरपंच
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच बेबी देवी ने उपस्थित ग्रामवासियों और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता ने उन्हें जो भारी जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरी उतरेंगी। सरपंच ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के अपने भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए अतिशीघ्र जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी करवाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर और सुलभ सुविधाएं मिल सकें।
स्वागत-सत्कार और गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभी वार्ड पंचों और उपसरपंच का पारंपरिक स्वागत-सत्कार किया गया। समारोह में पूर्व सरपंच बावड़ी हरेंद्र गोवाला, चंदनसिंह भाटी, लिखमाराम डउकिया, भाजपा के बावड़ी मंडल अध्यक्ष रामदीन ग्वाला, महेंद्रसिंह भाटी और कुलदीप सिंह भाटी सहित सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

