1 नवंबर से टोल प्लाजा पर 20 KM दायरे में रहने वालों को बड़ी राहत; सालाना FASTag पास से होगी 65% तक बचत
नई दिल्ली / कमलेश जैन
नेशनल हाईवे से गुजरने वाले निजी वाहन मालिकों के लिए 1 नवंबर से एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नेशनल हाईवे फीस नियमों में पांचवां संशोधन करते हुए नया नियम 9(3A) लागू किया है। इसके तहत टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निजी वाहन मालिकों के लिए 'FASTag Local Pass' योजना की शुरुआत की जा रही है। इस फैसले से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के वाहन चालकों को हर साल हजारों रुपये की सीधी बचत होगी।
मंथली रीचार्ज के झंझट से मुक्ति, अब मिलेगा एनुअल पास
वर्तमान में टोल प्लाजा के 20 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों को हर महीने पास रीचार्ज कराना पड़ता है, जिस पर सालाना लगभग ₹4,320 (₹360 प्रति माह) खर्च होते हैं। नए नियमों के तहत वाहन चालकों के पास अब एक बार में पूरे साल का एनुअल पास (Annual Pass) लेने का विकल्प होगा। हालांकि, पुराना मंथली पास भी जारी रहेगा और चालक अपनी सुविधा के अनुसार मंथली या एनुअल पास में से किसी एक का चयन कर सकेंगे।
पास की फीस और बचत का पूरा गणित:
लोकल पास की फीस टोल प्लाजा की लोकेशन (नगर निगम/शहरी सीमा के भीतर या बाहर) के आधार पर तय की गई है:
-
वार्षिक पास (शहरी सीमा से बाहर): शुल्क ₹1,500 प्रति वर्ष (औसत ₹125/माह)। इसमें मंथली पास की तुलना में ₹2,820 (लगभग 65%) की सीधी बचत होगी।
-
वार्षिक पास (शहरी सीमा के भीतर): शुल्क ₹3,000 प्रति वर्ष (औसत ₹250/माह)। इसमें मंथली पास की तुलना में ₹1,320 (लगभग 31%) की बचत होगी।
-
मासिक पास: ₹360 प्रति माह (यथावत लागू रहेगा)।
गलत इस्तेमाल रोकने के लिए ये होंगी पात्रता की शर्तें:
-
केवल प्राइवेट वाहन: यह पास सिर्फ निजी/नॉन-कमर्शियल (4-व्हीलर) गाड़ियों के लिए मान्य होगा। कमर्शियल गाड़ियों को इसका लाभ नहीं मिलेगा।
-
20 KM का दायरा व KYC जरूरी: वाहन की RC में दर्ज पता संबंधित NH टोल प्लाजा से 20 किमी के भीतर होना अनिवार्य है। साथ ही RC और FASTag KYC के रिकॉर्ड मैच होने चाहिए।
-
सिंगल व्हीकल मैपिंग: यह पास एक वाहन, एक FASTag और एक विशिष्ट टोल प्लाजा से ही लिंक रहेगा।
आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज:
-
1 नवंबर से: पात्र टोल प्लाजा के काउंटर पर जाकर ऑफलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
-
1 दिसंबर से: 'राजमार्गयात्रा' (RajmargYatra) ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध होगी।
-
आवश्यक दस्तावेज: गाड़ी की RC, एक्टिव FASTag और एड्रेस प्रूफ (जो RC और FASTag KYC से मेल खाता हो)।
इन रास्तों पर नहीं मिलेगी छूट:
NHAI ने स्पष्ट किया है कि यह पास केवल उसी विशिष्ट टोल प्लाजा के लिए मान्य होगा जिसके लिए इसे जारी कराया गया है। क्लोज्ड कॉरिडोर (Closed Corridor) वाले हाईवे/एक्सप्रेसवे, सर्विस रोड उपलब्ध होने वाले रास्तों और मुंबई के वर्ली सी लिंक या अटल सेतु जैसे प्रोजेक्ट्स पर यह छूट लागू नहीं होगी।
कौन सा पास चुनें?
यदि टोल प्लाजा शहरी सीमा के बाहर है, तो ₹1,500 वाला एनुअल पास सबसे मुफीद विकल्प है। वहीं शहरी सीमा में रोज आवाजाही करने वालों के लिए ₹3,000 वाला एनुअल पास फायदेमंद रहेगा। यदि आप साल में कुछ ही महीने उस रूट पर सफर करते हैं, तो पुराना मंथली पास चुनना ही बेहतर रहेगा।

