खैरथल के डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकन अवार्ड’ से सम्मानित, राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया जिले का मान
खैरथल / नई दिल्ली / हीरालाल भूरानी
खैरथल-तिजारा जिला अग्रवाल समाज के जिलाध्यक्ष, सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं समर्पित समाजसेवी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकन अवार्ड’ से विभूषित किया गया है। उन्हें यह गौरवपूर्ण सम्मान चिकित्सा सेवा और समाज कल्याण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में दिग्गजों के हाथों हुआ सम्मान
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भव्य ‘अग्र अलंकरण सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में देश-विदेश की 88 विशिष्ट अग्र विभूतियों के साथ डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता का अभिनंदन किया गया। मंच पर उपस्थित दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल एवं गीता मनीषी महामंडलेश्वर आचार्य श्री ज्ञानानन्द जी महाराज के कर-कमलों से डॉ. गुप्ता को यह सम्मान प्राप्त हुआ।
राष्ट्रीय समारोह में खैरथल की रही अहम भूमिका
इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की स्वागत समिति में खैरथल निवासी, संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, खैरथल-तिजारा जिला अग्रवाल संस्थान के मुख्य संस्थापक एवं अलवर जिला वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष श्री अशोक सिंघानिया की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन प्रदीप मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल सहित देशभर से आए सैकड़ों अग्रवाल बंधु उपस्थित रहे।
जिले भर से पहुंचे समाज के पदाधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता का उत्साहवर्धन करने के लिए खैरथल-तिजारा जिले से बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक नई दिल्ली पहुंचे। इनमें खैरथल इकाई के उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, तिजारा इकाई के अध्यक्ष अनीश मंगला, जिला संस्थान के उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, महामंत्री प्रमोद सिंघानिया, मंत्री सुरेश कुमार गोयल, संस्थापक नरेश गर्ग, ओमप्रकाश मंगल, अमित अग्रवाल (तिजारा), प्रहलाद गोयल, ओमप्रकाश गोयल, दिनेश गोयल और संजय अग्रवाल सहित खैरथल, तिजारा व भिवाड़ी के अनेक अग्र बंधु शामिल रहे।
जिले के वरिष्ठ चिकित्सक को राष्ट्रीय मंच पर यह सम्मान मिलने से संपूर्ण खैरथल-तिजारा जिले और अग्रवाल समाज में हर्ष और गौरव की लहर है।

