भोजपुरी में सीएम योगी का छठ संदेश: बोले- मातृशक्ति ही इस महापर्व की सबसे बड़ी ताकत, हर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
लखनऊ / शशि जायसवाल
लोकआस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खास भोजपुरी अंदाज में प्रदेश, पूर्वांचल, बिहार सहित देश और दुनिया भर में रह रहे श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से प्रार्थना की है कि सभी व्रतियों के मनोरथ पूर्ण हों और हर घर-परिवार में सुख, शांति व समृद्धि का वास हो।
मातृशक्ति के त्याग को किया नमन मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को छठ महापर्व की सबसे बड़ी ताकत करार दिया। उन्होंने कहा कि हमारी माताएं और बहनें 36 घंटे से अधिक समय तक कठिन निर्जला व्रत रखकर पूरे परिवार और समाज के कल्याण की कामना करती हैं। सीएम योगी ने कहा कि आज देश-दुनिया के हर कोने में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, सामाजिक समरसता और सामूहिक एकता का भी एक अद्भुत उदाहरण है।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जीवन में संतुलन का पर्व छठ महापर्व के आध्यात्मिक और व्यावहारिक महत्व को रेखांकित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह प्रकृति, जल और भगवान भास्कर के प्रति आभार व्यक्त करने का अनूठा अवसर है। श्रद्धा, स्वच्छता और कठोर अनुशासन इसकी सबसे बड़ी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि इस पर्व में उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देने की अनूठी परंपरा हमें जीवन में संतुलन और हर परिस्थिति में कृतज्ञ बने रहने का गहरा संदेश देती है।
विविधता में एकता ही यूपी की असली पहचान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध संस्कृति और 'विविधता में एकता' ही इसकी वास्तविक ताकत है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने ऐसी सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की है, जिससे हर नागरिक बिना किसी बाधा के अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार पर्व-त्योहार मना सके।
हर वर्ग की खुशहाली और सुरक्षा की कामना अपने शुभकामना संदेश में सीएम योगी ने कामना की कि प्रदेश की हर मां-बहन का जीवन सुखमय हो, हर बेटी को पूर्ण सुरक्षा मिले, किसानों के खेत-खलिहान लहलहाते रहें और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों। छठ को प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताते हुए उन्होंने अंत में एक बार फिर भोजपुरी भाषा में सभी व्रतियों को महापर्व की मंगलकामनाएं दीं।

