कैथवाड़ापुलिस की त्वरित कार्रवाई: मंदिर से चोरी हुई राधा-कृष्ण और लड्डू गोपाल की अष्टधातु मूर्तियां महज 4 घंटे में बरामद
कैथवाड़ा (डीग)। ग्राम मांतूकी स्थित राधाकृष्ण मंदिर से अष्टधातु की तीन प्राचीन मूर्तियां चोरी होने की सनसनीखेज वारदात का कैथवाड़ा थाना पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोप में गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर राधा, कृष्ण और लड्डू गोपाल जी की तीनों प्राचीन मूर्तियां सकुशल बरामद कर ली हैं।
15 नवंबर को दर्ज हुई थी चोरी की रिपोर्ट
पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के. (आईपीएस) के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को ग्राम मांतूकी निवासी इंदर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर गांव के राधाकृष्ण मंदिर से अष्टधातु की प्राचीन राधा-कृष्ण और लड्डू गोपाल जी की प्रतिमाएं चुरा ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई।
चांस प्रिंट और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर एमआईयू (MIU) टीम को बुलाकर चांस प्रिंट जुटाए। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और गोपनीय मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने वारदात में शामिल संदिग्ध की पहचान कर ली।
गांव का ही निकला आरोपी, तीनों प्रतिमाएं बरामद
त्वरित दबिश देते हुए पुलिस ने मांतूकी निवासी कैलाश पुत्र जयपाल (46) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई तीनों प्राचीन अष्टधातु मूर्तियां बरामद कर ली गईं। परिवाद दर्ज होने के मात्र चार घंटे के भीतर हुई इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले में आगे का अनुसंधान कर रही है।

