जहाजपुर के नेहरू उद्यान में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस: बिरसा के शौर्य को नमन, अब राष्ट्र निर्माण की कमान आदिवासी समाज के हाथ : मोदी
जहाजपुर / मोहम्मद आज़ाद नेब (जनजातीय गौरव दिवस):
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जहाजपुर के नेहरू उद्यान में जनजातीय गौरव दिवस बेहद उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता को और अधिक मजबूत करना रहा।
नेहरू उद्यान में लाइव प्रसारित हुआ पीएम मोदी का संबोधन
कार्यक्रम के दौरान नेहरू उद्यान पर एक विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित आमजन और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, अदम्य साहस एवं बलिदान को नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जब-जब देश के सम्मान, स्वाभिमान और स्वराज की बात आई, तब-तब देश का आदिवासी समाज सबसे आगे खड़ा नजर आया। उन्होंने गर्व से कहा कि आज का आदिवासी समाज केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी मात्र नहीं रहा, बल्कि राष्ट्र निर्माण का नेतृत्वकर्ता बन रहा है।
जनजातीय विकास के लिए बजट में भारी बढ़ोतरी
प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2013-14 में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट मात्र 4,300 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 15,500 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और वन धन विकास केंद्रों की पहलों को विकास का मील का पत्थर बताया। वर्तमान में देश के 532 एकलव्य विद्यालयों में करीब 1 लाख 72 हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, वहीं वन धन केंद्रों से परिवारों को स्वरोजगार मिल रहा है।
पीएम जनमन और धरती आबा अभियान से मिल रही नई दिशा
'पीएम जनधन' अभियान के माध्यम से विशेष कमजोर जनजातीय समूहों तक आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके साथ ही 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत देश के लगभग 64 हजार जनजातीय गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनजातीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया।
गरिमामयी उपस्थिति एवं श्रद्धांजलि
समारोह के दौरान जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, चेयरमैन प्रतिनिधि पवन वैष्णव, विकास अधिकारी सीताराम मीणा, किशोर शर्मा, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर ललिता शर्मा, विभिन्न पार्षदों सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

