पूर्व सैनिक समाधान शिविर आयोजित:पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिवारों और वीरांगनाओं के लिए कल्याणकारी हितों पर हुई चर्चा
हरसौरा (भारत कुमार शर्मा): क्षेत्र के ग्राम हरसौरा में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से एक विशेष 'पूर्व सैनिक समाधान शिविर' का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार रामसिंह गुर्जर ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर ऋषि देव ने शिरकत की।
कल्याणकारी योजनाओं और अधिकारों की मिली जानकारी
शिविर को संबोधित करते हुए कमांडर ऋषि देव ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिवारों और वीरांगनाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी सुविधाओं और योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से शहीदों, वीरांगनाओं, आश्रित विकलांग बच्चों और अनुकंपा नियुक्तियों से जुड़े प्रावधानों पर प्रकाश डाला, जिससे उपस्थित पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को अपने अधिकारों के प्रति महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।
गणमान्य नागरिकों और पूर्व सैनिकों की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार पवनेश शर्मा, सरपंच रमेश अम्बावत, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी भैरुराम गुर्जर और शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजवीर चनेजा विशेष रूप से मौजूद रहे।
इसके साथ ही सूबेदार रोहित सैनी, कैप्टन उम्मीराम, कैप्टन योगेश मीणा, सूबेदार जगमाल, सूबेदार नरेश बाग, सूबेदार सुरजन भाव, सूबेदार मालाराम, हवलदार देवरत्न शर्मा, हवलदार गंगाराम, हवलदार जगराम, हवलदार रतन गुर्जर, मुरारी सैनी, विजय अम्बावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। शिविर के दौरान पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याओं को भी साझा किया, जिनके समाधान के प्रति अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

