पंचायतीराज चुनाव का अंतिम चरण: चुनाव पर्यवेक्षक ने डीग और कुम्हेर क्षेत्र के 5 बूथों का लिया जायजा
डीग / नीरज जैन (16 नवंबर)। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चौथे एवं अंतिम चरण के तहत सोमवार को डीग और कुम्हेर क्षेत्र में सरपंच व वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (संयुक्त शासन सचिव, गृह विभाग, जयपुर) राजेंद्र कुमार वर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मतदान प्रक्रिया और सुविधाओं को परखा
चुनाव पर्यवेक्षक वर्मा ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सैंत में स्थापित 3 बूथों तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दिदावली के 2 बूथों (कुल 5 बूथों) का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर मतदान की गति, मतदाताओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की। साथ ही, उन्होंने मतदान दलों से संवाद कर निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के संबंध में फीडबैक लिया।
निर्भीक और पारदर्शी मतदान के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक ने अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए और प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, इसके लिए अनुकूल वातावरण बनाया जाए। उन्होंने किसी भी आपात या तकनीकी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी कुम्हेर भारती भारद्वाज, उपखंड अधिकारी कामां अनिल कुमार मीना, सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग राजेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

