संतकबीरनगर में खूनी संघर्ष: खेत में गेहूं की बोआई कर रहे चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या, चार घायल,लापरवाही पर थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित
संतकबीरनगर (शशि जायसवाल)
जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में रविवार शाम जमीन और वर्चस्व को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। खेत में गेहूं की बोआई कर रहे एक परिवार पर दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में चाचा और भतीजे की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दोहरी हत्या के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।
खेत में काम कर रहे परिवार पर बोला हमला प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे जमोहरा गांव निवासी रामकेश यादव अपने परिवार के साथ खेत में गेहूं की बोआई करवा रहे थे। उनके चाचा प्रह्लाद ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान मुरली यादव अपने परिवार के अजय, आकाश, गोरख और दिनेश समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
चाचा-भतीजे की मौत, घनश्याम की हालत गंभीर इस हमले में रामकेश यादव, उनके चाचा प्रह्लाद और घनश्याम को गोलियां लगीं। गोलीबारी में रामकेश और प्रह्लाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल घनश्याम समेत चार लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
2019 से चल रहा था विवाद, पुलिस पर उठे सवाल परिजनों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच वर्ष 2019 से वर्चस्व और जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। मृतक रामकेश हैदराबाद में रहकर मजदूरी करते थे और करीब दो महीने पहले ही गांव लौटे थे। परिजनों का आरोप है कि पूर्व में हुए हमले को लेकर दर्ज मुकदमे में रामकेश लगातार पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगा रहे थे, लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे थे।
गुस्साए ग्रामीणों ने फूंकी बाइकें, 5 पुलिसकर्मी निलंबित दोहरी हत्या की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने कथित हमलावरों की दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। वहीं, लापरवाही बरतने और पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई न करने के मामले में एसपी ने थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

