राजगढ़ में श्री गोविंद देवजी मंदिर और श्री जगन्नाथ मंदिर में सुबह पट खुलते ही लगी भक्तों की लंबी कतारें, भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन गोपाष्टमी तिथि पर मंगलवार को कस्बे में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर कस्बे के प्रमुख मंदिरों में वर्ष में केवल एक बार होने वाले श्री राधारानी के अलौकिक और दुर्लभ चरण दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
गोविंद देवजी और जगन्नाथ मंदिर में लगी भक्तों की कतारें मंगलवार प्रातः गोविंद देवजी बाजार स्थित श्री गोविंद देवजी महाराज मंदिर तथा चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ व साक्षी गोपाल जी महाराज मंदिर के पट खुलते ही श्री राधारानी के चरण दर्शन की पावन वेला प्रारंभ हुई। वर्ष भर की प्रतीक्षा के बाद मिलने वाले इस दुर्लभ सौभाग्य को प्राप्त करने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे।
अलौकिक छवि निहार कर भक्तों ने कमाया पुण्य लाभ मंदिरों में श्री राधारानी का विशेष और मनमोहक शृंगार किया गया था। भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्री राधारानी के चरणों की अलौकिक छवि को निहारा और अपने परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। दर्शन के दौरान दोनों ही मंदिर परिसरों में राधा-कृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

