भागवत कथा में सुदामा चरित्र की कथा का प्रसंग सुनाया, विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति पर भंडारा आज
सकट.क्षेत्र के नारायणपुर गांव में श्री मुरली मनोहर महाराज मंदिर पर ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में अच्छी बारिश के साथ ही खुशाली व सुख समृद्धि की कामना के लिए चल रहे 23 वें श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम गुरुवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। इस मौके पर ग्रामीणों द्वारा सामूहिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यहां चल रही कथा के सातवें दिन बुधवार को कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए कथावाचक संत साईं राम महाराज ने रुक्मणी विवाह व सुदामा चरित्र की कथा का प्रसंग सुनाया। कथा के दौरान भगवान श्री कृष्ण रुक्मणी जी व सुदामा की जीवंत झांकी सजाई गई। कथा के दौरान कथावाचक ने बीच-बीच में मधुर मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जिन पर महिला श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया और भगवान के जयकारे लगाए। कथा सुनने के लिए गांव नारायणपुर के अलावा गांव सकट नाथलवाडा बीधोता जोनेटा राजपूर बड़ा मंडावरी वीरपुर, लाकी सहित अन्य गांवों के लोग पहुंच रहे हैं। यहां चल रहे यज्ञ व कथा के आयोजन में भाग लेने के लिए पूर्व विधायक जौहरी लाल मीना व पूर्व प्रधान महन्त जयराम दास स्वामी भी पहुंचे। यज्ञ कमेटी के पदाधिकारियों के द्वारा पूर्व विधायक व पूर्व प्रधान का माला व साफा पहनाकर सम्मान किया। पूर्व सरपंच फतेह राम मीणा ने बताया कि गुरुवार को ही नारायण भागवत कुंज आश्रम नारायणपुर में ब्रह्मलीन संत यति दामोदरदास महाराज की पुण्यतिथि व गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा व आस्था के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी।
- राजेन्द्र मीणा