नगरपालिका बोर्ड की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग: 10 पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, 3 प्रमुख जनहित के मुद्दे एजेंडे में शामिल करने का आग्रह

Oct 23, 2026 - 18:52
 0
नगरपालिका बोर्ड की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग: 10 पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, 3 प्रमुख जनहित के मुद्दे एजेंडे में शामिल करने का आग्रह

चुनाव के एक माह बाद भी प्रथम बैठक न होने से विकास कार्य प्रभावित; गंवई तालाब में ओवरफ्लो व गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान और EWS-LIG भूखंडों के रिकॉर्ड की मांग

​तखतगढ़,बरकत खां

नगरपालिका तखतगढ़ के नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बैठक शीघ्र आयोजित करवाने तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को बैठक के एजेंडे में शामिल करने की मांग को लेकर नगरपालिका के 10 निर्वाचित पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष जयश्री नामा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष फुटरमल सुथार एवं युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष संजय हिरागर भी साथ रहे।

​ज्ञापन में पार्षदों ने बताया कि 21 सितंबर 2026 को पालिकाध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बावजूद अभी तक नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बैठक आयोजित नहीं की गई है। इसके चलते नगर के विभिन्न वार्डों की जनसमस्याओं, विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा नाली-नाला निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोर्ड में चर्चा एवं आवश्यक निर्णय नहीं हो पा रहे हैं। पार्षदों ने राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 48 एवं 51 के प्रावधानों के अनुरूप बोर्ड की बैठक शीघ्र आयोजित करवाने की मांग की।

​गंवई तालाब की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग

​ज्ञापन में गंवई तालाब के ओवरफ्लो पानी की निकासी के लिए स्थायी मार्ग सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्षदों ने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान तालाब में पानी की आवक बढ़ने से आसपास की बस्तियों में जलभराव की आशंका बनी रहती है। इसके समाधान के लिए उपलब्ध प्राकृतिक व वैकल्पिक निकासी मार्गों का सर्वे करवाकर तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने और कार्ययोजना बनाने की मांग की गई। साथ ही, ऊपरी बस्तियों से गंवई तालाब में आने वाले गंदे पानी की आवक रोकने एवं उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था करने का मुद्दा भी उठाया गया।

​EWS एवं LIG भूखंडों का रिकॉर्ड बोर्ड के समक्ष रखने की मांग

​पार्षदों ने वर्ष 2012 के बाद विकसित नई कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) एवं निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए आरक्षित भूखंडों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। ज्ञापन में कॉलोनीवार आरक्षित भूखंडों की संख्या, उनके क्षेत्रफल, अब तक किए गए आवंटन, शेष भूखंडों की स्थिति तथा आवंटन संबंधी आदेशों का विवरण बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया।

​ज्ञापन सौंपने में ये पार्षद रहे शामिल

​ज्ञापन सौंपने वालों में अनराज मेवाड़ा (वार्ड 19), सरोज मेवाड़ा (वार्ड 16), भंवरलाल मीना (वार्ड 12), रामचंद्र जीनगर (वार्ड 10), मनीष उर्फ मनोहर कुमार (वार्ड 18), अतकी (वार्ड 11), प्रमिला सरगरा (वार्ड 17), सूरज कुमार (वार्ड 15), भरत सोनी (वार्ड 3) एवं वेनाराम प्रजापत (वार्ड 2) शामिल रहे।

​पार्षदों ने कहा कि ये विषय नगर के पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और सार्वजनिक संपत्तियों के पारदर्शी प्रबंधन से जुड़े हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि निदेशक (स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर), उपनिदेशक (स्थानीय निकाय विभाग, जोधपुर) तथा अधिशासी अधिकारी (नगरपालिका तखतगढ़) को भी भेजी गई है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................