नारायण देवासी ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदाय कल्याण बोर्ड के सदस्य के रूप में ली शपथ, सिरोही में कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
सिरोही / रमेश सुथार
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भवन, नई दिल्ली में नारायण देवासी ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू (DNT) समुदाय कल्याण बोर्ड के सदस्य के रूप में आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण की। विभाग के सचिव एवं बोर्ड चेयरमैन सुधांशु पंत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस बोर्ड के सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल 3 वर्ष का रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल पर मिली जिम्मेदारी
शपथ ग्रहण के उपरांत बोर्ड सदस्य नारायण देवासी ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक दिन पर उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने DNT समुदायों के उत्थान के क्षेत्र में कार्य करने को एक दिव्य कार्य बताया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रेरणा से प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने 'गरीब को गणेश' मानकर सीमान्त DNT समुदायों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं को पात्र और जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का पूरा भरोसा दिलाया।
राजस्थान मॉडल की तर्ज पर देश भर में काम करने का प्रस्ताव
श्री देवासी ने इस दौरान राजस्थान सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में 'दादू दयाल योजना' के माध्यम से DNT समुदाय के लोगों को निशुल्क पट्टे देने, आवासीय भूखंड उपलब्ध करवाने तथा घुमंतू व अर्धघुमंतू जातियों के लोगों को पहचान पत्र जारी करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि राजस्थान की तर्ज पर देश के अन्य राज्यों में भी DNT समुदायों के कल्याण के लिए योजनाएं बनवाई जाएंगी, जिसके लिए बोर्ड वहाँ की सरकारों के साथ समन्वय कर अपने सुझाव और प्रस्ताव साझा करेगा।
सिरोही में जश्न का माहौल
नारायण देवासी के विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू समुदाय कल्याण बोर्ड के सदस्य के रूप में शपथ लेने की सूचना मिलते ही सिरोही जिले के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि जिलेभर के कार्यकर्ताओं ने दूरभाष और मिलकर उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

