सिरोही में आस्था का सैलाब: रामझरोखा मैदान में विराजीं मां जगदंबा, 54वें गरबा महोत्सव का भव्य आगाज
सिरोही / रमेश सुथार: शक्ति की भक्ति के महापर्व नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जगदम्बे नवयुवक मंडल रामझरोखा, सिरोही के तत्वावधान में 54वें गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। रामझरोखा मैदान प्रांगण में बनाए गए अस्थायी मंदिर में असुरनाशिनी मां शेरावाली की प्रतिमा और घट स्थापना वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ धूमधाम से की गई। स्थापना के पहले ही दिन देर शाम हुई महाआरती में श्रद्धालुओं काारसैलाब उमड़ पड़ा।
अरासना अंबाजी से लाई गई अखंड ज्योत उत्सव की शुरुआत से पूर्व, रविवार सुबह मंडल के कार्यकर्ता शक्तिपीठ अरासना अंबाजी से पवित्र अखंड ज्योत लेकर रामझरोखा मैदान पहुँचे। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और शंख-ध्वनि के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। पंडित जयेश ओझा ने विधि-विधान से मंत्रोच्चारण कर समस्त शहरवासियों के मंगलमय जीवन की कामना के साथ माता का आह्वान किया।
इस दौरान मंडल के मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी, संरक्षक लोकेश खंडेलवाल, गिरीश सगरवंशी, गांधीभाई पटेल, विजय पटेल और रणछोड़राज पुरोहित सहित तमाम सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पूजा-अर्चना में भाग लिया और कलश स्थापित किए।
बंगाल के कुशल कलाकारों की अद्भुत कलाकृति पंडाल में विराजमान की गई माता की प्रतिमा बेहद मनमोहक और आकर्षक है। बंगाल के कुशल मूर्तिकार द्वारा तालाब की पवित्र माटी से इस प्रतिमा का निर्माण किया गया है, जिसमें माता अष्टभुजाधारी रूप में अस्त्र-शस्त्र धारण किए हुए सिंह पर सवार होकर महिषासुर राक्षस का वध करती नजर आ रही हैं। पंडाल में अगले नौ दिनों तक विधिवत रूप से दुर्गा सप्तशती के पाठ किए जाएंगे।
गरबा गीतों और रोशनी से जगमगा उठा मैदान नगर के प्रमुख केंद्र रामझरोखा मैदान में आगामी नौ दिनों तक गुजराती गरबा गीतों और माता रानी के भजनों की गूंज के बीच युवक-युवतियां और श्रद्धालु पारंपरिक गरबा नृत्य करेंगे। प्रथम दिवस की शाम से ही पंडाल रंग-बिरंगी रोशनी की जगमगाहट और सुरीली स्वरलहुरियों से सराबोर दिखा, जहां भक्तों की भारी भीड़ ने माता की भक्ति में गोता लगाया।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रकाश प्रजापति, प्रकाश खारवाल, शैतान खरोर, रूपेंद्र शर्मा, दिनेश प्रजापत, हीरालाल माली, प्रतीक प्रजापत, हरीश खत्री, महेंद्र सूर्यवंशी, मनीष खत्री, अश्विन भाई, शान, मगनलाल मीणा और गोविंद माली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

