महुआ की नट बस्ती में तांडव: शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में 3 घर जलकर राख, एक महिला समेत दो झुलसे

Oct 27, 2026 - 16:09
 0
महुआ की नट बस्ती में तांडव: शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में 3 घर जलकर राख, एक महिला समेत दो झुलसे

हलैना (विष्णु मित्तल)

हलैना/महुआ। जयपुर-नेशनल हाईवे-21 के पास सेवर थाना क्षेत्र के गांव महुआ स्थित नट बस्ती में शॉर्ट सर्किट (बिजली के तारों) के चलते भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे में तीन गरीब परिवारों के आशियाने जलकर पूरी तरह राख हो गए, जबकि आग की चपेट में आने से एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और हाहाकार मच गया।

दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

ग्रामीणों ने आग की ऊंची उठती लपटें देखकर तुरंत सूझबूझ दिखाई और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, जिससे कई अन्य घर जलने से बाल-बाल बच गए।

गृहस्थी का सामान, दो बाइक और अनाज खाक

भाजपा जिला प्रवक्ता रज्जन महुआ ने बताया कि इस भीषण आगजनी में प्रमोद कुमार पुत्र विशम्भर, कोतवाल पुत्र भीम और बेवा हेमा पत्नी स्वर्गीय सुंदर सिंह के मकान पूरी तरह जल गए। घरों में रखा बिस्तर, कपड़े, खाने का अनाज और दो बाइक सहित पूरी गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। इस अप्रत्याशित घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने सिर छिपाने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। हादसे में झुलसे दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रशासन और सामाजिक संस्थाएं आईं आगे

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, हल्का पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और नुकसान की रिपोर्ट तैयार की।

इस दुखद घटना की जानकारी समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता को दी गई। निदेशक के निर्देश पर संस्था के प्रोजेक्ट हेड पुनीत गुप्ता ने टीम के साथ गांव महुआ पहुंचकर प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। संस्था द्वारा सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा आगामी 28 अक्टूबर को पीड़ित परिवारों को आवश्यक राहत एवं सहायता सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................