खाटूश्याम मन्दिर में उमड़ा श्रृद्धालुओं का सैलाब:पापांकुशा एकादशी पर बाबा श्याम के जयकारों की गूंज
वैर, भरतपुर : - पापांकुशा एकादशी के पावन अवसर पर हलैना के श्री खाटू श्याम मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। खाटूश्याम मन्दिर में दिनभर भक्तों का सैलाब देखने को एवं श्री श्याम बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई दी। श्रृद्धालु लाइन में खड़े होकर बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए उत्साहित नजर आए।
बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार - पापांकुशा एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का दिव्य और अलौकिक श्रृंगार किया गया। आकर्षक पुष्प सजावट ने श्रृद्धालुओं का मन मोह लिया। श्रृद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में माथा टेका और परिवार की सुख -शांति, समृद्धि एवं जीवन में मंगल की कामना की।
जयकारों से गूंज उठा मन्दिर परिसर - मन्दिर परिसर में खाटू नरेश की जय, श्याम बाबा की जय, लखदातार की जय,हारे के सहारे की जय,तीन बाण धारी की जय,नीले असवार की जय, श्याम प्यारे की जय के जयकारे लगातार गूंजते रहे।भजन -कीर्तन से वातावरण पूरी तरह श्याम बाबा के रंग में रंग गया। भक्तों ने भजन गाकर और सामूहिक आरती में सम्मिलित होकर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
पापांकुशा एकादशी का महत्व - खाटूश्याम बाबा हलैना के पुजारी पुष्पेन्द्र शर्मा ने बताया कि हिन्दू पंचांग के अनुसार पापांकुशा एकादशी व्रत भगवान श्री हरि विष्णु जी को समर्पित होता है। इस दिन श्रृद्धालु व्रत रखकर श्री हरि विष्णु भगवान की विधि -विधान से पूजा अर्चना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि जो व्यक्ति इस व्रत को पूर्ण निष्ठा और आस्था के साथ करता है ।उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। और जीवन में सुख -समृद्धि का वास होता है।
- कोशलेन्द्र दत्तात्रेय