रामगढ़ पुलिस ने इनामी आरोपी किया गिरफ्तार: हत्या के मामले में फरार चल रहा था आरोपी, न्यायिक हिरासत में भेजा
रामगढ़ पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे ₹2000 के इनामी आरोपी अख्तर खान को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को थानाधिकारी विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को ग्राम दोहली निवासी जोरमल अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अख्तर खान ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से जोरमल घायल हो गया, जिसे अलवर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया।
हालत नाजुक होने पर उसे एसएमएस अस्पताल जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद से ही आरोपी अख्तर खान फरार था। पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी पर ₹2000 का इनाम घोषित किया था।
थानाधिकारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी का उपयोग करते हुए शुक्रवार को आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अख्तर खान को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थानाधिकारी ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।