गांव की माटी से निकलेंगी विश्वस्तरीय प्रतिभाएं, सरकार देगी सपनों को पंख: जवाहर बेढ़म
डीग जिले के धमारी और घाटा में विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
डीग (नीरज जैन) खेल अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का प्रतीक हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं राज्य सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह इन प्रतिभाओं को खोजकर, तराशकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक सुदृढ़ मंच प्रदान करे, ताकि वे अपने गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। यह बात डीग जिले के गांव धमारी और घाटा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिताओ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कही।
गृह राज्य मंत्री बेढम ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक मजबूती के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के युवाओं को खेल से जुड़ी हरसंभव सुविधा और प्रोत्साहन मुहैया कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय फलक पर चमक सकें।
समारोह के दौरान, गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने दोनों फाइनलिस्ट टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों के आग्रह पर मंत्री बेढ़म ने स्वयं बल्ला थामकर और शानदार शॉट लगाकर सभी का दिल जीत लिया।
गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व आयोजन समिति और ग्रामीणों द्वारा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम का साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्म जोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी ग्रामीण उपस्थित रहे।