पहाड़ी में साइबर ठग गैंग का पर्दाफाश: 4 बदमाश दबोचे, सस्ते सामान बेचने के बहाने करते थे ठगी
डीग में पहाड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये ठग सस्ते दामों पर सामान बेचने का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस ने इन ठगों को कठोल से संवलेर रास्ते पर स्थित उनके ठिकानों पर दबिश देकर पकड़ा। मौके से 4 मोबाइल फोन और 4 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन में विभिन्न सोशल मीडिया ऐप्स पाए गए, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जाता था।
बरामद मोबाइल फोनों में लगभग 4 लाख रुपए के लेन-देन से संबंधित तथ्य भी मिले हैं। पकड़े गए ठग पुलिस की रडार से बचने के लिए जंगलों में बैठकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए ठगों से गहनता से पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि इस गिरोह में कितने अन्य लोग शामिल हैं और उन्होंने अब तक कितने रुपए की ठगी को अंजाम दिया है।