प्रशासन ने बछामदी में 5 दिवस में स्वयं अतिक्रमण हटाने की दी चेतावनी
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर-अछनेरा सड़क मार्ग के चौडाईकरण में ग्राम बछामदी में आ रहे कच्चे-पक्के अवैध निमार्ण को 4-5 दिवस में हटाने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा आम नागरिकों को सूचित किया है। अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन के द्वारा नियमानुसार कार्रवाही की जाएगी जिसके जिम्मेदार अतिक्रमी होंगे।
उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने बताया कि भरतपुर-अछनेरा सड़क पर ग्राम बछामदी में पीडब्लूडी सड़क पर किए गए पक्के निर्माणों को अतिक्रमी द्वारा 4-5 दिनों के भीतर स्वयं अपने स्तर से हटाने होंगे। साथ ही अपने उपयोगी सामान को भी अन्य सुरक्षित स्थान पर विस्थापित कराना होगा, जिससे सड़क चौडाई कार्यक्रम को गति दी जा सके।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकर्ताओं को पूर्व में भी सार्वजनिक परियोजना खण्ड, भरतपुर द्वारा 3 एवं 4 दिसंबर 2025 को नोटिस जारी कर सूचित किया जा चुका है। कुछ अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया गया है, किन्तु शेष अतिक्रमण अभी भी यथावत है। उपखंड अधिकारी ने सभी संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को 4-5 दिनों के भीतर स्वयं अपने स्तर से अतिक्रमण हटाकर स्थल को खाली करने तथा अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने का आव्हान किया है। उन्होंने बताया कि अन्यथा प्रशासन द्वारा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की जन-धन हानि के लिए संबंधित अतिक्रमणकर्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।


