बयाना: राधा-कृष्ण के भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
बयाना कस्बा स्थित आदर्श नगर (सेक्टर-एक) में शनिवार रात आयोजित एक भव्य भजन संध्या में भक्ति और संगीत की मधुर स्वर लहरियां गूंज उठीं। राधा-रानी कीर्तन संस्था, बयाना के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में रुदावल से आए 'राधा-रानी भक्त मंडल संस्था' के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ हुई। संस्था के संयोजक राजेश गोयल ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अलवर के जिला जज सुनील कुमार गोयल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सुश्री आयुषी गोयल (RJS, जयपुर) और विकास गोयल (एडवोकेट) उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी अतिथियों का माला, दुपट्टा पहनाकर एवं श्री राधा-कृष्ण का छायाचित्र भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया।
- आकर्षक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
समारोह के दौरान श्री राधा-रानी की बेहद मनमोहक और भव्य झांकी सजाई गई, जिसने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने झांकी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भावपूर्ण भक्ति गीत प्रस्तुत किए। सुरमयी भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और थिरकते रहे। पूरा परिसर 'राधे-राधे' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। देर रात चले इस कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर राजू भारद्वाज, सुरेंद्र जांगिड़, धर्मेंद्र राजपूत, अनुपम शर्मा, मुकेश सिंघल, गोविंद, धर्मेश शर्मा, रिंकू सैन, विवेक कुमार, जगदीश डाबर, विष्णु वारैठा, सतीश चंद, कौशल सिकंदरा, तुषार सिंघल, मनीषा, सुषमा, अर्चना, विद्या और भावना गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

