उदयपुरवाटी में श्री गोपाष्टमी का 93वां वार्षिक मेला 17 नवंबर को: निकलेगी भव्य रथ यात्रा, गौशाला में होगी गौ माता की विशेष पूजा-अर्चना
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)
कस्बे की ऐतिहासिक श्री कृष्ण गौशाला में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गोपाष्टमी के पावन पर्व पर 93वें वार्षिक मेले का भव्य आयोजन आगामी 17 नवंबर को किया जाएगा। परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सामाजिक मेले को लेकर गौशाला प्रबंधन समिति व कस्बेवासियों द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
दोपहर 1 बजे शुरू होगी पूजा और रथ यात्रा
मेला आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 1:00 बजे स्थानीय श्री राव टोडरमल स्मृति संस्थान में पूज्य गौ माता, वेद भगवान एवं भगवान श्री कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ होगा। आरती के उपरांत वहीं से वेद भगवान एवं श्री कृष्ण भगवान की भव्य रथ यात्रा एक विशाल जुलूस के रूप में रवाना होगी, जो कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई दोपहर 3:00 बजे श्री कृष्ण गौशाला परिसर पहुंचेगी।
विद्वानों का उद्बोधन व वार्षिक रिपोर्ट का वाचन
गौशाला परिसर में मेले के दौरान धर्म और गौ-सेवा से जुड़े विद्वानों द्वारा विशेष उद्बोधन एवं मार्गदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात गौशाला समिति की ओर से वर्ष भर के आय-व्यय और सेवा कार्यों की विस्तृत वार्षिक रिपोर्ट भी आमजन के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। मेले को लेकर क्षेत्र के गौ-भक्तों और धर्मप्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

