'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान का एक्शन: अलवर-राजगढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई; नकली सरस घी और एक्सपायरी सामान जब्त, नष्ट कराया
अलवर (अनिल कुमार गुप्ता)
आगामी दीपावली त्योहार को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण (जयपुर) अविचल चतुर्वेदी एवं जिला कलेक्टर श्रीमती आर्तिका शुक्ला के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अलवर शहर और राजगढ़ में व्यापक निरीक्षण व नमूनीकरण की कार्रवाई की।
केडलगंज में नकली घी और 100 किग्रा एक्सपायरी सामान नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अलवर शहर के केडलगंज क्षेत्र में किराना दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केडलगंज टाउन हॉल के पास स्थित 'दीपक एंड ब्रदर्स' किराना दुकान से नकली सरस घी बिक्री की शिकायत पर सरस घी का नमूना लिया गया। जांच के दौरान पाया गया कि विक्रेता ने दुकान के ऊपर बने एक कमरे में 3 कार्टन में नकली घी छुपा कर रखा हुआ था।
दुकान में भीषण गंदगी पाई गई तथा करीब 100 किलोग्राम मसाले, चाय और शरबत जैसे अवधिपार (एक्सपायरी) खाद्य पदार्थ मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा, जंग लगे पीपों में रखा करीब 45 किलो अत्यधिक पुराना और अवधिपार घी भी नष्ट करवाया गया। गंदगी और भारी अनियमितताओं के चलते संबंधित विक्रेता को नोटिस जारी कर उसका लाइसेंस निरस्त (सस्पेंड) करने की कार्रवाई की जा रही है।
सूखे मेवों व किराना दुकानों से लिए नमूने
टीम ने भटियारों की गली स्थित 'मातेश्वरी ट्रेडिंग कंपनी' से काजू व बादाम, आटा वाली गली स्थित थोक विक्रेता 'पी पी ट्रेडर्स' से अखरोट व पिस्ता, तथा 'अशोक जनरल स्टोर' से अखरोट के नमूने संग्रह किए।
राजगढ़ में मिठाइयों और तेल के सैंपल
अलवर शहर के साथ-साथ राजगढ़ कस्बे में भी व्यापक कार्रवाई की गई—
-
खंडेलवाल मिष्ठान भंडार (कुंड मोहल्ला): कलाकंद एवं मावा का नमूना।
-
श्री गणेश रसगुल्ला भंडार: रसगुल्ला का नमूना।
-
शिव कृपा मिष्ठान भंडार: कलाकंद का नमूना।
-
अशोक मिष्ठान भंडार: बर्फी का नमूना।
-
श्री बालाजी ट्रेडर्स: काजू व बादाम के नमूने।
-
पूनम चंद ट्रेडर्स: रिफाइंड सोयाबीन तेल (स्कूटर ब्रांड) का नमूना।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कानूनी व अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जय सिंह यादव, केशव कुमार गोयल, विश्व बंधु गुप्ता और अशोक कुमार लखेरा मुख्य रूप से मौजूद रहे।

