रामगढ़ के सहजपुर में खेतों में लगी भीषण आग: एक दर्जन से अधिक किसानों की कड़बी जलकर राख, पशु चारे का संकट गहराया
रामगढ़ /अलवर/ राधेश्याम गेरा। जिले के रामगढ़ उपखंड क्षेत्र के ग्राम सहजपुर में खेतों में रखी कड़बी (पशुओं का सूखा चारा) के ढेर में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। इस अचानक हुई आगजनी में करीब एक दर्जन से अधिक किसानों की सालभर के लिए जुटाकर रखी गई कड़बी पूरी तरह जलकर राख हो गई। चारे का बड़ा भंडार जलने से क्षेत्र के किसानों के सामने मवेशियों के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
आग की लपटें देख ग्रामीणों में मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों में अचानक धुएं का गुबार और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और अपने स्तर पर पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने के भरसक प्रयास शुरू किए। साथ ही घटना की तुरंत सूचना ग्राम पंचायत सरपंच, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
दमकल और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से पानी की बोछारें कर आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कीं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और मशक्कत के बाद आखिरकार आग को पूरी तरह बुझाया जा सका, लेकिन तब तक खेतों में पड़ी एक दर्जन से अधिक किसानों की कड़बी पूरी तरह जलकर स्वाहा हो चुकी थी।
किसानों ने की मुआवजे की मांग
इस भीषण आगजनी से पीड़ित किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों और पीड़ित किसानों ने स्थानीय प्रशासन एवं सरकार से जल्द से जल्द मौके का जायजा लेकर गिरदावरी कराने तथा प्रभावित किसानों को उचित आर्थिक मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।

