G20 रात्रिभोज के लिए खड़गे को आमंत्रित न करने पर चिदंबरम का सरकार पर वार, बोले- ऐसा उन्हीं देशों में संभव है, जहां...

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को जी20 रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है।

Sep 9, 2023 - 12:56
Sep 9, 2023 - 12:59
 0
G20 रात्रिभोज के लिए खड़गे को आमंत्रित न करने पर चिदंबरम का सरकार पर वार, बोले- ऐसा उन्हीं देशों में संभव है, जहां...
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को जी20 रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसा केवल उन देशों में हो सकता है जहां कोई लोकतंत्र नहीं है या कोई विपक्ष नहीं है। चिदम्बरम ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इंडिया यानी भारत उस स्थिति में नहीं पहुंच गया है जहां लोकतंत्र और विपक्ष का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सरकार भारत की 60 फीसदी आबादी के नेता को महत्व नहीं देती। 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि चूंकि विपक्ष लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए विपक्ष के नेता को आमंत्रित न करना लोकतंत्र पर हमला है। बघेल ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता को आमंत्रित नहीं किया गया है। सभी को अलग-अलग विचारों का सम्मान करना चाहिए। लोकतंत्र में विपक्ष की अहम भूमिका होती है और ऐसे में अगर उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया है, तो यह लोकतंत्र पर हमला है।’’ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल ‘भारत मंडपम’ में विश्व के नेताओं के लिए शनिवार को रात्रिभोज का आयोजन करेंगी। राहुल ने ब्रसेल्स स्थित ‘ब्रसेल्स प्रेस क्लब’ में संवाददाताओं से कहा था कि सरकार के कदम उसकी सोच दर्शाते हैं।

दो पूर्व प्रधानमंत्री इसमें शामिल नहीं होंगे

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एच.डी. देवेगौड़ा शनिवार को वैश्विक नेताओं के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मेजबानी में आयोजित जी20 रात्रिभोज में ‘‘स्वास्थ्य कारणों’’ से शामिल नहीं होंगे। सूत्रों ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्रियों और विपक्ष शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित अन्य को भव्य रात्रिभोज में आमंत्रित किया गया है। सिंह और देवेगौड़ा दोनों ने रात्रिभोज में शामिल होने में असमर्थता के बारे में केंद्र सरकार को सूचित कर दिया है। देवेगौड़ा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैं जी20 शिखर सम्मेलन की शानदार सफलता की कामना करता हूं।’’ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी जी20 रात्रिभोज में शामिल होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल होने के लिए नौ सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी आ रहे हैं। उनके करीबी सहयोगियों ने इसकी पुष्टि की है। ऐसी भी खबरें हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस रात्रिभोज में शामिल हो सकते हैं।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow